राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला शामली में तीन दिवसीय 41वें वार्षिक क्रीडा समारोह का समापन समारोह आज संपन्न हुआ। आज कार्यक्रम की मुख्य अतिथि निकिता शर्मा, उप जिलाधिकारी शामली / अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद कांधला एवं कार्यक्रम की अध्यक्षा प्राचार्या प्रो. श्रीमती प्रमोद कुमारी रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या द्वारा मुख्य अतिथि महोदया को तथा क्रीड़ा प्रभारी डॉ प्रदीप कुमार द्वारा कार्यक्रम की अध्यक्षा महोदया को पौधा भेंट करके स्वागत के साथ किया गया। इसके उपरांत प्राचार्या महोदया ने मुख्य अतिथि महोदया का तथा डॉ. दीप्ति चौधरी प्राध्यापिका अंग्रेजी विभाग ने प्राचार्या का बैज लगाकर स्वागत किया। स्वागत गीत का गायन कु. आरती व कु. तहूरा के द्वारा किया गया। महाविद्यालय के कुल गीत का गायन कु. मनु, कु. तनु, कु. हिना एवं कु. तहूरा के द्वारा किया गया।औपचारिक स्वागत के उपरांत 100 मीटर दौड़ का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान पर कु. रीना पुत्री श्री राजेंद्र सिंह बी.ए. प्रथम वर्ष, द्वितीय स्थान पर कु. दीपा चौहान पुत्री श्री नेत्रपाल बी.ए. प्रथम वर्ष एवं तृतीय स्थान पर कु. आशा पुत्री श्री कृष्ण पाल बी.ए. तृतीय वर्ष रही। 41वे वार्षिक क्रीडा समारोह में आयोजित 10 प्रतियोगिताओं में सर्वोत्तम अंक प्राप्त करके कु. मिसबा बी.ए. प्रथम वर्ष पुत्री श्री मनीष जंग एवं कु. रीना बी.ए. प्रथम वर्ष पुत्री श्री राजेंद्र सिंह संयुक्त रूप से कप्तान एवं कु. ज्योति बी.ए. प्रथम वर्ष पुत्री श्री रविंद्र सैनी उप कप्तान बनी। कप्तान एवं उप कप्तान की घोषणा के उपरांत महाविद्यालय की पूर्व कप्तान कु. नेहा सैनी पुत्री श्री अजब सिंह के द्वारा इस वर्ष की संयुक्त रूप से चयनित कप्तान कु. मिसबा एवं कु. रीना को महाविद्यालय की मशाल सौंपी गई तथा मशाल दौड़ के द्वारा छात्राओं में खेलकूद की भावना का संदेश प्रसारित किया गया। मुख्य अतिथि एवं प्राचार्या महोदया द्वारा समस्त विजेत्री छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस आयोजन के साथ आज महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका सुरभि संयुक्तांक सत्र 2019-2020 एवं सत्र 2020-2021 का विमोचन भी महाविद्यालय की प्राचार्या, प्राधयापकों एवं मुख्य अतिथि के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि निकिता शर्मा ने छात्राओं के साथ सीधे संवाद किया एवं उन्हें अपने जीवन में अच्छे से अच्छे पद पर पहुंचने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि कैसे साधारण पृष्ठभूमि से आते हुए भी एक बच्चा अपनी मेहनत के बल पर कामयाबी हासिल कर सकता है। उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने भविष्य के लिए कोई स्वप्न देखे फिर उसको साकार करने हेतु तन मन से जुट जाएं तो उन्हें सफलता अवश्य मिलेगी। इसके अतिरिक्त उन्होंने छात्राओं से कहा कि उनमें बहुत प्रतिभा है, बस अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचान मेहनत करके अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में यदि वे जुट जाएं तो उन्हें अपने जीवन में अवश्य सफलता प्राप्त होगी।
उनके उपरांत प्राचार्या महोदया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि जब हम लगातार मेहनत करते रहते हैं तो अवश्य ही सफल होते हैं। खेलों के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि खेल के कारण हमारे जीवन में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, टीम भावना में खेलने एवं परस्पर मिलजुल कर कार्य करने की प्रवृत्ति का विकास होता है। महाविद्यालय की छात्राओं की प्रशंसा करते हैं उन्होंने बताया कि महाविद्यालय की छात्राएं क्रीड़ा प्रभारी डॉ प्रदीप कुमार के निर्देशन में बहुत ही अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं। छात्राओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि हमें अपने स्वस्थ शरीर हेतु खेलकूद को अपने जीवन का एक हिस्सा बनाना चाहिए। कहा भी गया है पहला सुख निरोगी काया कार्यक्रम का संचालन डॉ रामायन राम प्राध्यापक हिंदी विभाग एवं डॉ विनोद कुमार प्राध्यापक संस्कृत विभाग के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि महोदया को प्राचार्या द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट करके एवं अध्यक्षा प्राचार्या महोदया को डॉ. बृजभूषण प्राध्यापक समाजशास्त्र विभाग द्वारा प्रतीक चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत के गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविधालय के समस्त प्राध्यापक व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।