Monday, 24 January 2022

राष्ट्रीय बालिका दिवस

 राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला में आज दिनाँक 24/01/2022 को बालिका हेल्थ क्लब के अंतर्गत राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालिका हेल्थ क्लब की संयोजिका डॉ अंकिता त्यागी ने सभी छात्राओं को राष्ट्रीय बालिका दिवस की बधाई देने के साथ इस दिवस को मनाने का उद्देश्य बताते हुए बालिकाओं के हितों को सुरक्षित रखने हेतु बनाए गए कानूनों एवं अधिकारों के विषय में जागरूक किया। साथ ही सरकार द्वारा बालिकाओं की सुरक्षा एवं स्वरोजगार हेतु संचालित योजनाओं जैसे बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, धनलक्ष्मी योजना, किशोरी योजना आदि योजनाओं के बारे में तथा घरेलू हिंसा की धारा 2009, बाल विवाह रोकथाम एक्ट 2009, दहेज रोकथाम एक्ट 2006 आदि कानूनों से अवगत कराया। इसके अलावा नई शिक्षा नीति 2020 द्वारा प्रस्तावित लिंग समावेशन कोष व उससे बालिकाओं को मिलने वाले लाभ के विषय में छात्राओं को जागरूक किया। डॉ अंकिता के व्याख्यान के उपरान्त कार्यक्रम की अध्यक्षा प्राचार्या प्रो० श्रीमती प्रमोद कुमारी ने अपने सम्बोधन में बताया कि यह दिन बालिकाओं के लिए अत्यधिक सशक्त दिवस है क्योंकि प्रथम महिला प्रधानमंत्री श्रीमती इन्दरा गांधी जी ने अपना कार्यभार 24 जनवरी को ही सम्भाला था। आज के दिन को सन् 2008 से राष्ट्रीय बालिका दिवस के रुप में मनाने का उद्देश्य भी यही था कि प्रत्येक बालिका उन्हीं के समान सशक्त एवं सबल बने।सरकार द्वारा बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं रोजगार के लिए अनेक योजनाऐं चलाई जा रही है जिससे हमारी बालिकाएं तन से स्वस्थ, मन से सबल एवं धन से सशक्त बने। साथ ही प्राचार्या महोदया ने अपने संबोधन को समाप्त करते हुए बोला कि पहले मैथिली शरण गुप्त की कविता के बोल "अबला नारी हाय तेरी यही कहानी, आँचल में है दूध और आँखों मेंं है पानी" नारी जीवन को दर्शाते थे परन्तु अब जयशंकर प्रसाद की पंक्तियां "नारी तुम केवल श्रद्धा हो विश्वास रजत नग पगतल में, पीयूष स्रोत सी बहा करो जीवन के सुंदर समतल में" को साकार करने के प्रयास में सरकार एवं समाज दोनों सहयोग कर रहे हैं।संबोधन के उपरांत उन्होनें आज के दिन आयोजित 'कन्या भ्रूण हत्या' विषय पर ऑनलाइन प्रतियोगिता की विजेता छात्राओं के नाम घोषित करते हुए बताया कि बी.ए. द्वितीय वर्ष की तनु पवॉर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर, बी.एस.सी. द्वितीय वर्ष की मिली शर्मा द्वितीय स्थान पर एवं बी.एस.सी. तृतीय वर्ष की कोमल इंसा तृतीय स्थान पर रही। कार्यक्रम का संचालन महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ दीप्ति चौधरी द्वारा किया गया। संचालन करते हुए उन्होनें आज के दिन की महत्ता बताते हुए कहा कि आज 24 जनवरी भारत में विशेष रुप से मनाया जाता है।आज राष्ट्रीय बालिका दिवस के साथ साथ उत्तर प्रदेश दिवस व जननायक कर्पूरी ठाकुर जयन्ती भी मनाई जाती है।साथ ही उन्होनें कर्पूरी ठाकुर जी के आदर्श जीवन के विषय में बताया। कार्यक्रम का समापन प्राचार्या द्वारा सभी को बालिका सुरक्षा की शपथ दिलाने के साथ हुआ।