राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला में आज दिनांक 2 अक्टूबर 2021 को महात्मा गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती धूमधाम के साथ मनाई गई। सर्वप्रथम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर श्रीमती प्रमोद कुमारी द्वारा ध्वजारोहण किया गया। रेंजर्स की छात्राओं द्वारा ध्वज शिष्टाचार के साथ ध्वज नमन किया गया। झंडा गीत एवं राष्ट्रगान के साथ ध्वजारोहण सम्पन्न हुआ। आगे का कार्यक्रम महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर प्राचार्या एवं समस्त प्राध्यापकों द्वारा माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना के अंतर्गत डॉ विनोद कुमार (प्राध्यापक संस्कृत विभाग) द्वारा गीता पाठ कु तहूरा द्वारा कुरान पाठ, कु साक्षी एवं मुस्कान द्वारा बाइबल पाठ एवं णमोकार मंत्र का उच्चारण किया गया। गांधी जी के प्रिय भजन वैष्णव जन तो तेने कहिए समस्त महाविद्यालय परिवार के द्वारा गाया गया। रेंजर्स की छात्राओं के द्वारा महिला सशक्तिकरण विषय पर एक नाटिका प्रस्तुत की गई। इसके उपरांत विचार गोष्ठी के अंतर्गत महात्मा गांधी जी के अंत्योदय एवं राष्ट्रीय एकता से संबंधित विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व, कृतित्व तथा जय जवान जय किसान के विचारों पर विमर्श किया गया। इस गोष्ठी में हिंदी विभाग के डॉ श्याम बाबू ने अंत्योदय के द्वारा सर्वोदय के गांधी जी के विचार पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि भौतिकवाद के अनुसार सभी लोग अपनी आवश्यकता से अधिक संग्रहण करते रहेंगे तो सर्वोदय संभव नहीं है। राजनीति शास्त्र विभाग के डॉ पंकज चौधरी जी ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए गांधीजी के रामराज्य एवं स्वच्छता से संबंधित विचारों पर प्रकाश डाला। उनके उपरांत वनस्पति विज्ञान विभाग के डॉक्टर बृजेश राठी(वनस्पती विज्ञान विभाग) ने अपने विचार प्रस्तुत करते हुए महात्मा गांधी जी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर क्रमबद्ध तरीके से प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने महात्मा गांधी जी के राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में अहम भूमिका व शास्त्री जी के भारत की हरित क्रान्ती में भूमिका पर प्रकाश डाला। उनके उपरांत डॉक्टर बृजभूषण (समाजशास्त्र विभाग) ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें सभी महान पुरुषों को महत्व देते हुए उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए। हमारा ध्येय राष्ट्र निर्माण व समाज कल्याण होना चाहिए। उनके उपरांत प्राचार्या महोदया ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में गांधीजी के अहिंसा, सत्य एवं स्वच्छता के विचार तथा शास्त्री जी के सादा जीवन उच्च विचार विषय पर छात्राओं को सम्बोधित किया। अपने संबोधन में शास्त्री जी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि 'यह धरती लालाे की जननी, लालो के लाल समादर थे। छोटे कद के जो बड़े हुए ऐसे लाल बहादुर थे।' विचार गोष्ठी के उपरांत मिशन शक्ति फेस 3 के अंतर्गत महाविद्यालय में बदलाव के अभिकर्ताओं के रूप में नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वास्थ्य के लिए कार्य कर रहे डॉ बृजभूषण (समाजशास्त्र विभाग), डॉ विशाल कुमार (भौतिक विज्ञान विभाग), डॉक्टर बृजेश (वनस्पति विज्ञान विभाग), डॉ प्रदीप कुमार (शारीरिक शिक्षा विभाग) एवं रामायण राम (हिंदी विभाग) को प्राचार्या महोदया द्वारा सम्मानित किया गया। यह सभी प्राध्यापक महाविद्यालय में छात्राओं को संवैधानिक प्रावधानों, कानून, स्वास्थ्य, कैरियर संबंधी जानकारी देकर उन्हे समाज में एक सशक्त नागरिक के रूप में अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित करते रहते हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर नयना शर्मा द्वारा एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ दीप्ति चौधरी द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या एवं प्राध्यापकों के साथ राष्ट्रीय सेवा योजना एवं रेंजर्स की छात्राओं द्वारा महाविद्यालय प्रांगण की सफाई कर श्रमदान किया गया। समारोह का समापन गांधी जी की प्रिय रामधुन के गायन एवं मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम में डॉ विजेंद्र सिंह, डॉ लक्ष्मी गौतम, डॉ अंकिता त्यागी, विनीता एवं महाविद्यालय कार्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।