राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला शामली मे दिनांक 12-1-2021 को स्वामी विवेकाकानंद जी के जन्मदिवस के अवसर पर युवा सप्ताह का शुभारंभ हुआ इसके साथ ही मिशन शक्ति के अंतर्गत' संवाद ' कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमे मुख्य अतिथि के रूप में शामली जनपद के पुलिस अधीक्षक श्री सुकीर्ति माधव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप उप जिलाधिकारी कैराना उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त प्रभारी, महिला थाना शामली , वन स्टेप सेंटर की प्रभारी गजाला त्यागी व थाना प्रभारी कांधला भी उपस्थित रहे।
युवा सप्ताह के उद्घाटन समारोह के अंतर्गत बौद्धिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। ' भारतीय संस्कृति व आध्यात्मिक चिंतन की विशिष्टता' विषय पर आयोजित इस गोष्ठी के मुख्य वक्ता राजनीति शास्त्र विभाग के प्रवक्ता डा. पंकज चौधरी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय समाज मे व्याप्त धार्मिक पाखंड व अंध विश्वास को दूर कर भारतीय वेदांत दर्शन के मूल चेतना को अपनाने का मार्ग दिखाया था। उन्होंने कहा कि विवेकानंद जी कहते थे कि सभी धर्मों का लक्ष्य एक ही है अलग अलग धर्मों मे कोई बैर भाव नहीं है। धर्म का अर्थ है सत्य की शक्ति। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म व संस्कृति एक समावेशी व सहिष्णु विचार का पोषक है। स्वामी विवेकानंद जी कहते थे कि गरीब व वंचित व्यक्ति ही ईश्वर है। यदि हम गरीब मनुष्य की सेवा करते हैं तो वह ईश्वर की सेवा के समान होता है। उन्होंने ईश्वर की परिकल्पना 'दरिद्र नारायण ' के रूप में की थी। वे जाति धर्म व लिंग के आधार पर किसी भी भेद भाव को मान्यता नहीं देते थे।
इसके उपरांत युवा सप्ताह व संवाद कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शामली सुकीर्ति माधव तथा कार्यक्रम की अध्यक्षा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो श्रीमती प्रमोद कुमारी व अन्य अतिथियों ने माँ सरस्वती की प्रतिमा व स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन व माल्यार्पण करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्य क्रम की अध्यक्षा प्रो श्रीमती प्रमोद कुमारी ने कहा कि मिशन शक्ति छात्राओं व महिलाओं के सशक्तिकरण का अभियान है।परंतु सकरात्मक सशक्तिकरण होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज स्वामी विवेकानंद जी का जन्म दिवस है। उन्होंने भी भारत मे नारी के उत्थान के लिए अनेक कार्य किये थे। उन्होंने बाल विवाह का विरोध और विधवा विवाह का समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि पुरुषों को भी संस्कार देना आवश्यक है। समाज के संस्कार के विकास मे स्त्री पुरुष दोनों का योगदान होता है। स्त्री खुद को कमजोर न समझे। उन्होंने जय शंकर प्रसाद की कविता 'नारी तुम केवल श्रद्धा हो ' के माध्यम से स्त्री सशक्तिकरण को अभिव्यक्त किया।
इस अवसर पर छात्राओं को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुकीर्ति माधव जी ने कहा कि हमारा समाज पितृ सत्तात्मक समाज है। और यह पितृ सत्ता इतनी स्वीकार्य हो चुकी है हमे पता ही नहीं चलता कि कुछ गलत हो रहा है। यह स्वीकार्यता खतरनाक है। परिवार सबसे महत्व् पूर्ण संस्था है। हमें परिवार से ही लड़के और लड़की के भेद को खत्म करना होगा। बदलाव परिवार से ही होता है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम का मूल उद्देश्य समाज व कानून के बीच की दूरी को कम करना है।
महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी व वन स्टेंट सेंटर प्रभारी गजाला त्यागी ने छात्राओं की आत्म रक्षा के संबंध में कई महत्व् पूर्ण बातें बताईं। उन्होंने महिला सुरक्षा हेल्प लाइन न. चाइल्ड हेल्प लाइन न. पुलिस हेल्प लाइन नंबर समेत विभिन्न आवश्यक नंबर उपलब्ध कराया।
इस अवसर पर एस डी एम कैराना ने भी छात्राओं को आगे बढ़ने व आत्म रक्षा की प्रेरणा दी।
इसी क्रम में महाविद्यालय की छात्राओं ने भारतीय इतिहास के प्रमुख महान स्त्रियों का 'रोल प्ले ' भी किया जिसके तहत छात्राओं ने रानी लक्ष्मी बाई, सावित्री बाई फुले, फातिमा शेख, चाँद बीबी इत्यादि ऐतिहासिक महिलाओं का जीवंत अभिनय किया।
संचालन व धन्यवाद ज्ञापन डा. दीप्ति चौधरी ने किया। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण तथा अशैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा।