Wednesday, 21 October 2020

साइबर सुरक्षा कार्यशाला सम्पन्न

 उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित 'मिशन शक्ति' के अंतर्गत आज दिनांक 21 अक्टूबर 2020 को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला में महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में 'साइबर सुरक्षा कार्यशाला' का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला के अंतर्गत छात्राओं एवं महिलाओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित जानकारियां उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शामली जसजीत कौर, विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्री सरदार सिंह, प्राचार्या प्रो.प्रमोद कुमारी के द्वारा सरस्वती जी के माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ तथा कु. शिवानी वर्मा एवं कु.आरती उपाध्याय (बीए द्वितीय वर्ष) के सुंदर सरस्वती वंदन के साथ हुआ।वंदना के बाद महाविद्यालय की प्राचार्या प्रमोद कुमारी जी द्वारा जिलाधिकारी महोदया को पौधा देकर स्वागत किया गया। साथ ही विशिष्ट अतिथि एवं अन्य मुख्य अतिथियों का स्वागत पुष्प कली द्वारा किया गया। 'साइबर सुरक्षा कार्यशाला' में मुख्य वक्ता के रूप में जिला नोडल अधिकारी एनएसएस शामली डॉ अजय बाबू शर्मा एवं श्री कर्मवीर सिंह थानाध्यक्ष कांधला रहे। अपने व्याख्यान में डॉ अजय बाबू शर्मा जी ने सभा को संबोधित करते हुए साइबर क्राइम एवं साइबर कानूनों के विषय में विस्तार से जानकारी उपलब्ध कराई। उन्होंने बताया कि कैसे हम शिक्षा एवं जागरूकता के साथ सशक्त होकर हर तरीके के अपराध से अपने आप को बचा सकते हैं और साथ ही दूसरों को उस विषय में जागरूक कर सकते हैं। अपने व्यस्त कार्यक्रम के कारण  जिलाधिकारी  महोदया  को अन्य कार्यक्रमों में सहभागिता हेतु  जाना था अतः उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा  की छात्राओं के लिए शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालंबन अत्यंत आवश्यक है।बालिकाएं अपने अभी के जीवन में यदि स्वस्थ मन एवं शरीर के साथ अच्छी शिक्षा ग्रहण करेंगी तो कल वह आत्म सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनेंगी और समाज में जो आत्मनिर्भर है  वह हमेशा ही सम्मान का पात्र है।  अपने संबोधन के द्वारा उन्होने छात्राओं को  प्रेरित किया। साथ ही बहुत सरल शब्दों में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही विविध योजनाओं की जानकारी दी। प्राचार्य महोदय द्वारा जिलाधिकारी महोदया को प्रतीक चिन्ह भेंट करके  सम्मानित किया गया। तदोपरांत कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए प्राचार्या प्रो. प्रमोद कुमारी जी ने मिशन शक्ति की थीम- नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वालंबन का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि शारीरिक आकार प्रकार से किसी की सबलता एवं सफलता को नहीं आंका जा सकता है। हमारे हौसलों के समक्ष हमारा शरीर की दुर्बलता मायने नहीं रखती है। यदि हमारा मन स्वस्थ है तो हम एक दुर्बल शरीर के साथ भी कुशल नेतृत्व क्षमता रख सकते हैं और हमारी कुशलता  की जांच तभी है जब हम पथभ्रष्ट को भी मार्ग दर्शा सकें। श्री कर्मवीर सिंह थानाध्यक्ष कांधला ने अपने व्याख्यान के द्वारा छात्राओं को बहुमूल्य जानकारियां दी जिसमें उन्होंने बताया कि कैसे हम अपने आपको साइबर क्राइम, पॉर्नोग्राफी, इंटरनेट टाइम एवं डाटा थेफ़्ट,ए टी एम क्लोनिंगआदि तमाम अपराधों से बचा सकते हैं। भविष्य सतर्कता से भरा हुआ है और यदि हम सतर्क नहीं रहे तो सुरक्षित नहीं रह पाएंगे। मुख्य वक्ताओं के उपरांत श्री विनेश कुमार त्यागी जी, जिला मुख्य आयुक्त स्काउट गाइड शामली ने बताया कि जिला स्काउट गाइड संस्था वर्षभर महिला सुरक्षा के लिए काम करती है और आगे भी वह इस शुभ कार्य में जुड़े रहेंगे। साथ ही उन्होंने अपने जीवन के बहुत से अनुभव सभी के साथ साझा किए। कार्यक्रम में उपस्थित महिला थानाध्यक्ष श्री नीरज चौधरी ने छात्राओं को सतर्कता के साथ सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने का सुझाव दिया।साथ ही उन्होंने कहा कि अभिभावकों को अपने बालिकाओं के साथ बालकों की काउंसलिंग करना भी बहुत जरूरी है उनके मन में उपलब्ध उत्पन्न होने वाली नकारात्मकता को सकारात्मकता में बदलने में अहम भूमिका अभिभावक ही निभा सकते हैं। कार्यक्रम के समापन की ओर विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक श्री सरदार सिंह जी ने छात्राओं को अपने उद्बोधन में कहा की इस समय समाज की मानसिकता बदलने की आवश्यकता है और शिक्षा हमारी मानसिकता को बदलने का एक बहुत बड़ा औजार हैं। हमें दूसरों के सम्मान को ठेस पहुंचाए बिना अपने सम्मान की सुरक्षा करनी चाहिए। बड़ों का सम्मान करते हुए एवं सतर्क रहते हुए हम स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकते हैं।कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या महोदया ने समस्त उपस्थित महाविद्यालय परिवार की छात्राओं, प्राध्यापकों एवं अतिथि गणों को बालिका सुरक्षा शपथ दिलवाई जिसमें सभी ने नारी के सम्मान और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए शपथ ली। साथ ही कार्यक्रम की महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ दीप्ति चौधरी ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ श्रीमती अंशु सिंह  के निर्देशन में  स्वयं सेविकाओं एवं रेंजर्स प्रभारी डॉ दीप्ति चौधरी के निर्देशन में रेंजर्स ने सहयोग किया। मंच संचालन  डॉ विनोद कुमार प्राध्यापक संस्कृत द्वारा किया गया ।इस सफल कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के समस्त प्राध्यापक डॉक्टर बृजभूषण, डॉ विशाल कुमार, डॉ विजेंद्र सिंह, डॉ बृजेश राठी, डॉ सुनील कुमार, श्रीमती सीमा सिंह, डॉ विनोद कुमार, डॉ प्रदीप कुमार, डॉ पंकज चौधरी आदि एवं छात्राएं उपस्थित रही।