Sunday, 18 October 2020

सशक्त नारी सशक्त भारत का आधार

 आज दिनांक 18 अक्टूबर 2020 को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला के महिला प्रकोष्ठ के तत्वावधान में ज़ूम प्लेटफ़ॉर्म द्वारा  'सशक्त नारी सशक्त भारत का आधार है' विषय पर एक महाविद्यालय स्तरीय वेबीनार आयोजित किया गया। यह वेबीनार उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित 'मिशन शक्ति' के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। वेबीनार में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के विषय में चर्चा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या प्रोफेसर श्रीमती प्रमोद कुमारी द्वारा सरस्वती जी की मूर्ति पर माल्यार्पण के साथ एवं कु. शिवानी वर्मा बीए द्वितीय वर्ष के द्वारा सरस्वती वंदन के साथ हुई । इसके उपरांत महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ दीप्ति चौधरी ने  17 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक 'मिशन शक्ति' के तहत कराए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा 'महिला सुरक्षा एवं सम्मान संबंधी प्रावधानों' के विषय में छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में भारतीय संविधान के तहत महिलाओं को मिले बहुत सारे कानूनों की जानकारी दी तथा मुख्य रूप से कहा कि महिलाओं को कानूनों की जानकारी के साथ-साथ उनके उपयोग के लिए अपने अंदर आत्म निर्भरता एवं आत्म शक्ति विकसित करनी जरूरी है। उनके उपरांत कार्यक्रम में विशेष वक्ता डॉ विशाल कुमार वरिष्ठ प्राध्यापक भौतिकी रहे जिन्होंने 'महिला स्वास्थ्य, सुरक्षा , सम्मान एवं स्वालंबन के विषय में विशेष जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी देश की भी उन्नति तभी हो सकती है जब महिला सजग एवं सफल हो। महिलाओं को बराबर अधिकार यदि नहीं मिल पाता है तो एक सभ्य समाज की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। साथ में उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय समाज की सफलता तभी है जब सभी लोग अपने विचारों अपने भाषण एवं अपनी क्रियाओं में समानता लाएं।कार्यक्रम के समापन की ओर प्राचार्या श्रीमती प्रमोद कुमारी जी ने अपने संबोधन में छात्राओं को कहा कि स्त्रियां प्राकृतिक रूप से भी पुरुषों से ज्यादा धैर्यवान एवं शक्तिशाली होती हैं। प्राचीन समय से रजिया सुल्ताना, गार्गी, सरोजिनी नायडू, रानी लक्ष्मीबाई अहिल्या जैसी सफल महिलाएं हमारे समक्ष आई हैं और महिला हर स्तर पर हर तरीके से सबल है परंतु समाज की जीवन रूपी गाड़ी तभी अच्छे से चलेगी जब सामाजिक, राजनैतिक, धार्मिक, आर्थिक, वैचारिक अधिकार महिलाओं को भी प्राप्त होंगे एवं जो अधिकार एवं कानून बने हुए हैं उनका सख्ती के साथ उपयोग होगा। मुख्यमंत्री योगी जी की शक्ति मिशन की अच्छी पहल को साधुवाद देते हुए प्राचार्य महोदया ने सभी प्राध्यापक जो कि अभिभावक भी हैं उन्हें बालिका सुरक्षा की शपथ दिलाई। साथ में छात्राओं को प्रेरित किया कि वह अपने आसपास के सभी पुरुषों एवं बालकों को बालिका सुरक्षा की शपथ दिलायेंगी एवं उनके अंदर जन जागरूकता का प्रसार करेंगी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में डॉ विजेंद्र सिंह, डॉ बृजेश राठी, डॉ सुनील कुमार, डॉ प्रदीप कुमार डॉ विनोद कुमार,श्रीमती सीमा सिंह श्रीमती अंशु आदि के साथ छात्राएं उपस्थित रही।