Monday, 20 January 2020

    राष्ट्रीय सेवा योजना का सप्तदिवसीय शिविर आरम्भ

 राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई का सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ आज दिनांक 20-1-2010 को कस्बे के मुहल्ला रायजादगान स्थित प्राचीन शिव मंदिर के प्रांगण में हुआ।यह शिविर आगामी सात दिनों तक चलेगा व दिनांक 26- 1-2020 को गणतंत्र दिवस समारोह के साथ समाप्त होगा।
        आज इस सात दिवसीय विशेष शिविर का उदघाटन कांधला नगर के प्रसिद्ध व्यवसायी व समाजसेवी श्री दिनेश कुमार गुप्ता ने किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रमोद कुमारी ने किया।
        कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन व सरस्वती वंदना से हुआ। इति जैन व रिया जैन ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंशु सिंह ने मुख्य अतिथि व महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण का स्वागत किया।स्वयंसेवी छात्राओं ने मुख्य अतिथि व प्राचार्या महोदया को पौधा भेंट कर स्वागत किया।
          स्वागत की औपचारिकताओं के बाद कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अंशु सिंह ने आगामी सात दिन तक शिविर में प्रतिभाग करने वाले स्वयंसेवियों द्वारा किये जाने वाले कार्यो की रूप रेखा प्रस्तुत की।
        उदघाटन समारोह के मुख्य अतिथि श्री दिनेश कुमार गुप्ता ने अपने वक्तव्य में समाज की समस्यायों पर प्रकाश डाला।पर्यावरण,स्वच्छता व महिला सुरक्षा जैसी समस्यायों के निदान में युवा वर्ग की भूमिका पर बल दिया।उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमो के पालन की आवश्यकता के विषय मे बताया।उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया व शिविर की सफलता हेतु शुभकामनाएं प्रदान किया।
             कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रमोद कुमारी ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना राष्ट्रीय भावना के विकास में सहायक है।उन्होंने कहा कि कोई भी देश केवल भौगोलिक इकाई नहीं होता बल्कि देश देशवासियों से बनता है,इसलिए देशवासियों में एकता स्थापित करना आवश्यक है।इसमें रासेयो जैसे कार्यक्रमों का बहुत ही महत्वपूर्ण योगदान है।उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता व महिला सुरक्षा के साथ साथ समाज मे वृद्ध लोगों की समस्यायों की ओर ध्यान केंद्रित करने का भी आह्वान किया।उन्होंने कहा कि यह युवाओं विशेषकर छात्राओं की जिम्मेदारी होनी चाहिए कि वे बुजुर्गों के प्रति परिवार व समाज को संवेदनशील बनाएं।उन्होंने शिविर की सफलता की शुभकामना व्यक्त की।
         इसके उपरांत मुख्य अतिथि एवम् प्राचार्या महोदया ने वृक्षारोपण भी किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रामायन राम ने किया। कार्यक्रम अधिकारी  श्रीमती अंशु सिंह ने  अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।
       भोजनावकाश के बाद स्वयंसेविकाओं ने आस पास के घरों में जाकर स्वच्छता स्वास्थ्य व शौचालय के सम्बंध में सर्वे किया!