आज दिनांक 14 सितंबर 2026 को राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला शामली में हिंदी विभाग द्वारा "हिंदी दिवस समारोह" में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान अरशी, द्वितीय स्थान रूकैया एवं तृतीय स्थान महक, लघु काव्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्रिंसी सैनी,द्वितीय स्थान महक एवं तृतीय स्थान अरशी तथा भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रूकैया एवं प्रिंसी सैनी, द्वितीय स्थान नविश एवं महक, तृतीय स्थान तरन्नुम ने प्राप्त किया। समाज शास्त्र के वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो.बृज भूषण ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी को अपनी भाषा से प्रेम करना चाहिए। इसका यह अर्थ नहीं कि दूसरी अन्य भाषाओं से घृणा करें। यह हमारी संस्कृति नहीं है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने ब्रिक्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए अपने विचार हिंदी में रखे। हॉल ही में रूस ने "स्पुतिनिक"नाम से हिंदी का एक चैनल शुरू किया है। उन्होंने आगे कहा कि हिंदी वैश्विक भाषा बनने की ओर अग्रसर है। अब पश्चिमी देशों की भाषाओं का प्रभुत्व घट रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.अतुल शर्मा ने म्यूटेशन का उदाहरण देकर भारत के लोगों में अपनी भाषा को दोयम दर्जे के मानने के कारणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की एवं छात्राओं को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का आयोजन हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ श्याम बाबू ने किया। इस समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ प्रदीप कुमार,डॉ हंसराज,डॉ संजय कुमार,डॉ सचिन कुमार एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।







