Pages

Friday, 24 January 2025

सद्भावना कल्चरल क्लब के द्वारा अनेक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता आयोजित की गई

 राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय कांधला में आज दिनांक 24 जनवरी 2025 को उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर सद्भावना कल्चरल क्लब के द्वारा अनेक कार्यक्रम एवं प्रतियोगिता आयोजित की गई।सर्वप्रथम विशेष व्याख्यानों के अंतर्गत डॉ बृजेश राठी द्वारा उत्तर प्रदेश दिवस का परिचय छात्राओं को दिया गया। छात्राओं को बताया कि 24 जनवरी 1950 को संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश कर दिया गया। मई 2017 में, उत्तर प्रदेश सरकार ने हर साल 24 जनवरी को यूपी दिवस मनाने की घोषणा की। यूपी दिवस मनाने का प्रस्ताव राज्यपाल राम नाईक ने दिया था। आज के समय में उत्तर प्रदेश राजनैतिक, आर्थिक, सामाजिक सभी दृष्टि से अहम राज्य है।

उनके उपरांत प्रो विशाल कुमार द्वारा छात्राओं को प्रयागराज महाकुंभ 2025 के विषय में बताया गया। उन्होंने बताया कि आस्था के विराट पर्व 'महाकुंभ 2025' के जरिये दुनिया भर के श्रद्धालुओं को उत्तर प्रदेश की समृद्धशाली धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी जानने का अवसर मिलेगा। प्रयागराज में लगने वाले महाकुंभ का अधिक महत्व इसलिए माना गया है, क्योंकि यहां पर तीन पवित्र नदियों गंगा, यमुना और सरस्वती का संगम होता है. इसलिए यह स्थान अन्य स्थानों की तुलना में ज्यादा महत्वपूर्ण है. भले ही आज सरस्वती नदी विलुप्त हो चुकी है, फिर भी वह धरातल में आज भी बहती है. ऐसा माना जाता है कि जो कोई भी व्यक्ति इन तीनों नदियों के संगम में शाही स्नान करता है, उसे मोक्ष मिलता है।

सद्भावना कल्चरल क्लब की प्रभारी डॉक्टर दीप्ति चौधरी द्वारा "उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता हुआ प्रयागराज महाकुंभ 2025" विषय पर एक पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें प्रथम स्थान पर कीर्ति मलिक पुत्री श्री जितेंद्र सिंह द्वितीय स्थान पर सलोनी जांगिड़ पुत्री श्री कृष्ण पाल एवं तृतीय स्थान पर छवी शर्मा पुत्री श्री संजय शर्मा रही।

 उत्तर प्रदेश के लोकगीतों पर सामूहिक लोक नृत्य प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रथम स्थान पर मुस्कान, मंशू एवं महविश ग्रुप ,द्वितीय स्थान पर जैनब, अंजुम, तान्या एवं प्रेरणा जैन ग्रुप एवं तृतीय स्थान पर सलोनी जांगिड, प्रिया रानी, जैनब ग्रुप रहा। इसके अतिरिक्त छात्राओं ने अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। उत्तर प्रदेश दिवस के साथ-साथ आज जननायक कर्पूरी ठाकुर जयंती के अवसर पर प्राध्यापक गण द्वारा उनके चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया तथा पुष्पांजलि दी गई। साथ ही डॉक्टर रामायन राम के द्वारा कुर्पुरी ठाकुर जी का जीवन परिचय छात्राओं को अवगत कराया गया।

 राष्ट्रीय बालिका दिवस के अंतर्गत महिला प्रकोष्ठ एवं रेंजर्स के संयुक्त तावाव्धान में कार्यक्रम कराए गए। महिला प्रकोष्ठ के अंतर्गत बालिका दिवस के उपलक्ष में रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसका विषय था "उज्जवल भविष्य के लिए बालिका सशक्तिकरण"। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कु.कीर्ति मलिक पुत्री श्री जितेंद्र सिंह एम. ए तृतीय सेमेस्टर द्वितीय स्थान कु. निकिता चौहान पुत्री श्री जयकरण चौहान एम. ए तृतीय सेमेस्टर और तृतीय स्थान कु. अंजलि पुत्री श्री बृजपाल सिंह बी.ए तृतीय सेमेस्टर ने प्राप्त किया।

 रेंजर्स के द्वारा मेरे विकसित भारत का सपना विषय पर स्वरचित कविता प्रतियोगिता कराई गई। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अफ्शा पुत्री महफूज बी ए द्वितीय वर्ष, द्वितीय स्थान पर महाविश पुत्री हाजी शाहिद बी ए द्वितीय वर्ष तथा तृतीय स्थान पर मुस्कान पुत्री रविन्द्र सिंह, बी ए द्वितीय वर्ष रही।कार्यक्रम में प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।